नए आउटफिट्स बनाएं बनारसी साड़ी से - हेमा शर्मा

नए आउटफिट्स बनाएं बनारसी साड़ी से

अक्सर शादी में दुल्हन को एक दो बनारसी साडिय़ां तो मिलती ही हैं, जिन्हें वह आरंभ में तो फंक्शन इत्यादि में चाव से पहन लेती है, परंतु बाद में वे या तो वार्डरोब में पड़ी रहती हैं या फिर किसी और को दे दी जाती हैं। यदि आपके पास भी बनारसी साडिय़ां पड़ी हैं, तो उन्हें यूं उपेक्षित फैंकने की अपेक्षा आप उनसे नए आउटफिट्स बनवा सकती हैं, जो कि आपके स्टाइल में चार चांद लगा देंगे।

बनारसी कुर्ता

आप चाहें तो अपनी बनारसी साड़ी से कुर्ता भी बनवा सकती हैं, जिसे आप लैगिंग, पटियाला सलवार, शरारा, स्कर्ट एवं प्लाजो के साथ आराम से पहन सकती हैं और यह आपके लुक को और ज्यादा खूबसूरत बनाएगा। आप इस कुर्ते को शादी एवं पार्टी कहीं भी पहन सकती हैं, इसके साथ दुपट्टे पर आप साड़ी का बॉर्डर भी लगवा सकती हैं, जो कि आपके सूट को एक मुकम्मल लुक देगा।

बनारसी दुपट्टा

यदि आपकी बनारसी साड़ी खराब हो गई है और उसमें से कुर्ता नहीं बन सकता है तो आप उसमें से दुपट्टा बना लें, यकीन मानें कि बनारसी दुपट्टा सिल्क के किसी भी सूट या ड्रेस के साथ लें यह आपको ग्रेसफुल लुक देगा।

बनारसी ब्लाउज

इन दिनों साड़ी के ब्लाउज को भी प्राथमिकता दी जाने लगी है, इन दिनों कई तरह की डिजाइन में ब्लाउज बनाए जाते हैं, जिन्हें कि आप अपने लहंगे या साड़ी के साथ आराम से पहन सकती हैं। अत: आप चाहें तो अपनी बनारसी साड़ी से कुर्ता या दुपट्टा इत्यादि बनाने के पश्चात जो पीस बच जाता है, उसमें से डिजाइनर ब्लाउज भी बनवा सकती हैं, जिसे आप किसी भी फंक्शन में अलग अलग साड़ी या लहंगे के साथ पहन सकती हैं, एक बनारसी ब्लाउज आपके ट्रेडिशनल आउट फिट को बिल्कुल ही डिफरेंट लुक दे सकता है। आप चाहें तो इसे सेम कलर की प्लेन साड़ी के साथ पहनें या फिर ब्लाउज में जो रंग हैं, उनमें से किसी एक रंग को चुन कर उसके साथ की साड़ी पहनें, दोनों में ही आप फंक्शन में आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

बनारसी ट्राउजर

यदि आप खुद को एक डिफरेंट लुक देना चाहती हैं, तो बनारसी साड़ी से अपने लिए ट्राउजर्स बनवा लें और उसके साथ प्लेन सिल्क का कुर्ता पहनें। यदि आप वैस्टर्न वियर्स में कंफर्ट फील करती हैं, तो बनारसी साड़ी में से ट्राउजर्स बनवाना ही आपके लिए बिल्कुल सही ऑप्शन रहेगा। इसे कैरी करते समय बस इस बात का ध्यान रखें कि इसके उपर आपको बिल्कुल सिंपल शर्ट या फिर कुर्ता ही पहनना है। आप इस ड्रेस को शादी इत्यादि के फंक्शन पर भी पहन सकती हैं, यकीन मानें कि आपका यह स्टाइल हर किसी को पसंद आएगा और आप आराम से उस फंक्शन का अटैंड भी कर सकती हैं।

बनारसी जैकेट

बनारसी साड़ी का पल्लू काफी खूबसूरत और हैवी वर्क का होता है, अत: आप चाहें तो इस पल्लू को फ्रंट में लेकर अपने लिए लोंग जैकेट या श्रग भी बनवा सकती हैं, जिसे आप प्लेन सूट, लहंगे, स्कर्ट या फिर साड़ी के साथ भी आराम से पहन सकती हैं। यह जैकेट आपके पुराने आउट फिट को भी न्यू लुक देगा और आपकी खूबसूरती में चार चांद लगा देगा।

बनारसी अनारकली

यदि आप बनारसी साड़ी वाला रॉयल लुक ही कायम रखना चाहती हैं, तो अपनी साड़ी में से अनारकली ड्रेस बनवाएं, इसके बॉर्डर को अनारकली के फ्लेयर एवं स्लीव्ज पर लगवाएं तथा पल्लू से चोली बनवाएं, यकीन मानें, आपकी यह डिजाइनर ड्रेस जहां कम कीमत पर तैयार हो जाएगी, वहीं हर कोई आपके स्टाइल का कायल भी हो जाएगा।
हेमा शर्मा 

Comments