जो पसंद नहीं उनमें बदलाव लाएं
हमारे वार्ड रोब में ऐसे बहुत से परिधानों का अंबार भी लग जाता है, जो हमें नजदीकी रिश्तेदारों ने बड़े प्रेम स्वरूप उपहार में दिए होते हैं, अब हर कोई आपकी पसंद के अनुरूप तो आपके लिए पोशाक खरीद नहीं सकता और ऐसे में न तो वे पहने जाते हैं और न ही किसी और को दिए जाते हैं, क्योंकि उसमें हमें देने वाले की भावनाओं का अहसास होता है। अब जब ऐसी ही साडिय़ां या सूट आपकी वार्ड रोब में भी एकत्रित होने लगें, तो उन्हें किसी संदूक में बंद करने की अपेक्षा पहनने का मन बना लें, परंतु उसमें अपने टेस्ट के अनुसार बदलाव ले आएं, जिससे कि वह पहनी हुई तो अच्छी लगे ही, साथ ही देने वाले को इस बात का सुकून हो कि आपने उनके उपहार को प्रेम के साथ स्वीकार किया है।
यहां हम आपको बताएंगे कि आप उन पोशाकों में किस तरह से बदलाव ला कर अपने पसंदीदा परिधानों में शामिल कर सकती हैं।
साडिय़ों के साथ ब्लाउज बदलें
आपको ऐसी बहुत सारी साडिय़ां मिलती होंगी, जो आपको किसी भी एंगल से पसंद नहीं होंगी, तो ऐसी साडिय़ों के लिए कुछ सैक्सी और स्टाइलिश ब्लाउज स्टिच करवा लें और जो साड़ी के साथ ब्लाउज पीस मिला है, उसे या तो किसी और साड़ी के साथ यूज करें या फिर उससे कुशन कवर, पोंचू या फिर कुरती इत्यादि कुछ भी बनवा लें। आप चाहें तो ऐसी साड़ी के साथ क्रॉप टॉप भी पहन सकती हैं या फिर सीक्वेंस वाला स्लीवलेस या स्ट्रैप्स लेस ब्लाउज भी बनवा सकती हैं और डोरी पर कुछ टैसल्स लगवाना न भूलें। इसके अलावा बैकलेस ब्लाउज भी आप आपकी साड़ी को एक ट्रैंडी लुक देगा।
इस बात का ध्यान रखें कि ब्लाउज के लिए कांट्रास्टिंग कलर्स और मैटीरियल्स का ही यूज करें तथा इसके साथ मैचिंग सैंडल्स या बैग पहनें। एक साड़ी के लिए कम से कम दो ब्लाउज रखें, एक प्लेन और दूसरा पार्टी टाईप होना चाहिए, इन्हें आप अलग-अलग साडिय़ों के साथ मिक्स एंड मैच कर के भी पहन सकती हैं, इससे आपके पास ब्लाउज में ही काफी वैरायटी हो जाएगी।
साड़ी का लुक बदलें
बेशक आपने किसी साड़ी को कितनी ही बार अलग-अलग वैरायटी के ब्लाउज के साथ पहना होगा, परंतु एक समय ऐसा भी आता है कि उस साड़ी से मन भर जाता है, तो ऐसे समय में आप उसके साथ एक्सपैरिमेंट कर इसे न्यू लुक दे दें, यदि यह साड़ी प्लेन है तो इसमें लेस या इंब्रॉयड्री वाला बॉर्डर लगवा लें और यदि यह प्रिंटेड है, तो इसमें प्लेन मैटीरियल के बॉर्डर के साथ थोड़ा कांट्रास्ट एड कर लें।
आप चाहें तो इसकी हाफ एंड हाफ साड़ी बना लें, इसके लिए किसी भारी भरकम इंब्रॉयड्री वाली साड़ी के दो पार्ट करें तथा उसका पल्लू नेट या जॉर्जेट का बनवा लें, इससे उस साड़ी का लुक बिल्कुल ही बदल जाएगा तथा वह पहनी हुई भी अच्छी लगेगी।
इसके अलावा साड़ी के बॉर्डर को अलग कर उसे किसी प्लेन साड़ी पर लगावा सकती हैं तथा बाकी के कपड़े से आप अनारकली कुर्ता भी सिलवा सकती हैं, या फिर लांग कुरती बनवा कर उसे चूड़ीदार या प्लाजो के साथ भी पहन सकती हैं।
यदि उसे पहनने का बिल्कुल ही मन नहीं है, तो उसका बेड कवर बनवा लें।
कुरते पहनें इस तरह से
यदि आपको गिफ्ट में मिले हुए कुरते पसंद नहीं हैं, तो उनमें बदलाव करना बेहद आसान है, आप उसे अलग-अलग बॉटम्स के साथ पहन सकती हैं, अत:
आपके पास बॉटम्स की भी वैरायटी होनी चाहिए, जिसे आप कमीज या कुर्ते के साथ पहन सकें, इससे आपको अलग-अलग ओकेजन पर डिफरेंट लुक मिलेगा, अत: अपने वार्ड रोब में डिफरेंट कलर्स और टेक्चर्स की चूड़ीदार, सलवार, सिगरेट पैंट्स, क्यूलॉट्स, लेगिंग, प्लाजो और स्कर्टस इत्यादि अवश्य रखें तथा इन्हें कुरतों के साथ मिक्स एंड मैच कर कांफिडेंस के साथ पहनें, ताकि आप फैशनेबल लग सकें।
हैवी कुरते रूटीन में पहने नहीं जा सकते और दो-तीन इवेंट के बाद इन्हें पहनने को मन नहीं करता, ऐसे में आप उस कुरते की नेक लाईन उतार कर उसे सिंपल कुरते या टॉप पर लगा लें तथा स्लीव्ज को भी किसी चोली या टॉप में यूज कर सकती हैं। इससे जहां हैवी कुरते को सिंपल लुक मिलेगा, वहीं एक दूसरा कुरता एक अलग ही स्टाइल में तैयार हो जाएगा।
आप चाहें तो उस कुरते को शॉर्ट कर के पैंटस या लहंगे के साथ भी पहन सकती हैं।
न्यूट्रल्स शेड्स के साथ करें कोंबो
बहुत कम होता है कि गिफ्ट में मिली पोशाकों में आपको लाईट कलर्स या आपके पसंदीदा कलर्स मिलें, ऐसे में ब्राईट कलर्स को हर समय और हर जगह पहनना संभव भी नहीं होता, ऐसे में आप इन पोशाकों को बेज, ब्लैक, व्हाइट और ग्रे कलर्स के ट्राउजर्स, स्कर्टस, चूड़ीदार, लेगिंग, प्लाजो या डिजाइनर दुपट्टे के साथ पहनें, जब आप इन कलर्स के साथ उस पोशाक का कोंबो करेंगी, तो उस पोशाक की टोन भी खुद-ब-खुद ही चेंज हो जाएगी तथा आप को उससे एक आकर्षक लुक मिलेगा।
हेमा शर्मा

Comments
Post a Comment