#navratri डांडिया में छाया फैशन का जलवा - हेमा शर्मा

               डांडिया में छाया फैशन का जलवा 


भले ही डांडिया और गरबा गुजरात का पारंपरिक लोक नृत्य है, परंतु नवरात्रि के दिनों में हर तरफ  गरबा एवं डांडिया की धूम अब हर तरफ देखी जा सकती है, युवा इसके लिए स्पेशल डांडिया पार्टी या नाईट का आयोजन करते हैं।  चूंकि इसे देवी दुर्गा की पूजा-अर्चना से जोड़ कर देखा जाता है, सो यह भी एक कारण है कि दिनों दिन इसकी महत्ता बढ़ती ही जा रही है।
अब तो इसमें ग्लैमर और फैशन का तडक़ा भी शामिल हो गया है। गरबा एवं डांडिया डांस के साथ-साथ फैशनेबल परिधानों को ले कर युवाओं के बीच काफी जोश देखने को मिलता है।

डांडिया में फैशन का तड़का   

यदि आप इस अवसर पर कुछ हट कर पहनना चाहती हैं, तो पटियाला सलवार पर टी शर्ट और कमर में गोटे वाला दुपट्टा पहनें, यह आप को भीड़ में भी एक अलग लुक देगा, यदि आप राजपूती शैली की कुर्ती पहनना चाहती हैं, तो ध्यान रखें कि यदि उस पर भरत वर्क किया हुआ हो, तो उस पर कभी भी प्रेस करें, इससे वह दब जाता है। साथ ही इस बार बैक लेस डीप गले के डिजाइनर ब्लाउज भी आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। आप चाहें तो प्लाजो के साथ भारी इंब्रायडरी वाली कुर्ती एवं दुपट्टा भी पहन सकती हैं एवं अनारकली सूट भी इस अवसर पर आप को डिफरेंट लुक दे सकते हैं।
गरबा डांस के लिए नेट डिजाइन में मिरर वर्क के साथ कच्ची इंब्रॉयडरी खासतौर से पसंद की जा रही है।

पर्सनलाइज्ड लुक

बाजार में जो डांडिया एवं गरबा के लिए परिधान मिलते हैं, वह ज्यादातर एक ही प्रकार की लुक वाले होते हैं, तथा उसमें कोई नवीनता भी देखने को नहीं मिलती, यदि आप चाहें तो बाजार से ड्रेस मेटीरियल खरीद कर डिजाइनर्स से अपने लिए इस अवसर पर पहनने के लिए अलग से पोशाक बनवा सकती हैं, जिसमें कि पर्सनलाइज्ड लुक झलकेगा एवं दूसरों से डिफरेंट नजर आएंगी।
आप चाहें तो ऐसी पोशाक भी बनवा सकती हैं, जिसमें पारंपरिक कट्स, डिजाइन और मिरर वर्क भी जाए और वह आप को अलग लुक भी दे, ताकि बाद में यही ड्रेस आप शादियों एवं अन्य अवसरों पर भी पहन सकें, क्योंकि पारंपरिक ड्रेस को कंटेंपरेरी लुक और भी खास बना देता है।

पारंपरिक गरबा परिधानों का जादू

पारंपरिक गरबा परिधानों का जादू आज भी बरकरार है, तभी तो आज के इस फैशनेबल गरबा में भी कई लोग आपको अभी भी पारंपरिक ड्रेस में ही नजर आएंगे। चूंकि महिलाओं के साथ ही पुरुष भी गरबा पंडालों में गरबा खेलने जाते हैं, इस लिए इस दौरान उनकी पोशाकें भी खास होती हैं। पुरुष जिस कपड़े को गरबा में पहनते हैं गुजराती में उस परिधान को केडिय़ा कहते हैं। केडिय़ा में छोटा घेर-घुमेर कुर्ता, धोती और रंग-बिरंगी पगड़ी होती है, जिस पर कशीदाकारी का सुंदर काम किया जाता है। केडिय़ा पर आमतौर पर ऊन से भरत वर्क किया जाता है। यह गुजरात की पारंपरिक कशीदाकारी है। इस प्रकार की कशीदाकारी में रंग-बिरंगे ऊन से कपड़े पर सुंदर डिजाइन बनाए जाते हैं। केडिय़ों पर किए जाने वाले इस वर्क में मोर, कलश एवं गरबा खेलते स्त्री-पुरुष आदि की आकृतियां होती हैं।

डांडिया स्टिक भी बनीं स्टाइलिश

अब तो डांडिया स्टिक भी स्टाइलिश हो गई हैं। यदि आपके पास स्टाइलिश डांडिया नहीं है तो आपके डांडिया डांस के उत्साह का मजा अधूरा सा प्रतीत होगा। इस बार बाजार में अनेक रंगों, डिजाइंस और वैरायटी में डांडिया उपलब्ध हैं। मखमली कपड़े से बनी प्लास्टिक आदि की डांडिया स्टिक्स हमेशा ही पसंद की जाती रही हैं। आप चाहें तो नवरात्र में बेयरिंग और लाईट वाले बेयरिंग डांडिया भी यूज कर सकती हैं।
हेमा शर्मा 

Comments