#navratri प्रवेश द्वार पर सजे सुंदर तोरण - हेमा शर्मा

प्रवेश द्वार पर सजे सुंदर तोरण

घर की सजावट का अंदाजा उसके प्रवेश द्वार से ही हो जाता है, जिसे कि हम स्वागत द्वार भी कहते हैं। इसी द्वार से घर के भीतर प्रवेश किया जाता है। यदि यह द्वार सुसज्जित हो तो दिल प्रसन्न हो जाता है और उसी प्रसन्नता के साथ हम घर के भीतर प्रवेश करते हैं।
वैरायटी की कमी नहीं
बाजार में आपको अनेक वैरायटी के सुंदर-सुंदर तोरण मिल जाएंगे, इनमें आर्टिफीशियल फ्लॉवर वाले रंग-बिरंगे तोरण, क्रिस्टल तोरण एवं मोतियों के तोरण आदि प्रमुख हैं।
क्रिस्टल के तोरण दूर से ही चमकते हैं, रंग-बिरंगे क्रिस्टल के तोरण पर कॉपर के लटकने वाले मोती लगने से उनकी सुंदरता और भी अधिक बढ़ गई है।
लकड़ी के गणेश जी एवं आम के पत्ते पर गणेश जी की आकृतियों वाले तोरण भी मुख्य द्वार पर लगे हुए बेहद खूबसूरत लगते हैं।
फ्लॉवर वाले तोरणों में भी गेंदे के फूलों सी पीली एवं नारंगी लडिय़ां पत्तों के समान हरी लडिय़ां इन तोरणों को नेचुरल फ्लॉवर्स का लुक दे रही हैं।
तोरणों में पारंपरिक लुक लाने के लिए रुद्राक्ष का भी प्रयोग किया जाता है तथा उन पर लगे छोटे-छोटे नारियल वाले कलश या गणेश जी उनकी खूबसूरती को और भी बढ़ाते हैं।
इस प्रकार के तोरणों की एक खासियत यह है कि आप इन्हें आसानी से धो कर साफ कर सकती हैं।
हेमा शर्मा

Comments