तारीफ करुं क्या तेरी - हेमा शर्मा

तारीफ  करुं क्या तेरी...

जब आप पर कोई शख्स फिदा होता है, तो वह आपकी तारीफ में कई कसीदे पढ़ देता है, कभी शायरी तो कभी गीतों की पंक्तियां वह आपके लिए इस तरह से चुन कर लाता है, मानो वह जन्मजात शायर हो, परंतु क्या आपने कभी उनकी तारीफ इस तरह की है कि उन्हें भी आप पर गुमान हो जाए।
यह मुश्किल नहीं है कि आप किसी को अपनी ओर आकर्षित कर लें, परंतु आपको उस आकर्षण को बरकरार रखना भी आना चाहिए।  ऐसा तभी संभव है, जब आपको सही समय पर और सही शब्दों के साथ उनकी तारीफ  करनी आती हो। यह तो आप भी जानती हैं कि जब किसी लड़की  की प्रशंसा की जाती है, तो वह स्वयं के बारे में अच्छा महसूस करती है, परंतु प्रशंसा लड़कों
के लिए कहीं अधिक मायने रखती है और वह आपके बारे में तथा आपके द्वारा की गई तारीफ के बारे में लंबे समय तक सोचता है।

लड़कों को कम मिलती है तारीफ

तारीफ किसी भी शख्स को अच्छा महसूस कराती है, परन्तु लड़कों को अपनी प्रेमिका या पत्नी से कुछ खास तारीफ  भरे अल्फाज सुनने को नहीं मिलते। पुरुष प्रशंसा के लिए लालायित हो सकते हैं, ऐसा इसलिए नहीं कि उन्हें प्रशंसा की आवश्यकता है या वे आपका ध्यान अपनी ओर आकर्षित करना चाहते हैं, बल्कि इसलिए क्योंकि उन्हें बहुत कम प्रशंसा मिलती है। जब भी आप कभी किसी लड़के  की तारीफ कर देती हैं, चाहे वह आपका ब्वॉयफ्रैंड  हो या आपके पतिदेव, तो वह निश्चित रूप से हमेशा उन बातों को याद रखेगा और स्वयं को अधिक प्रफुल्लित महसूस करेगा।
सो इस बात को जानना भी बेहद जरूरी है कि पुरुषों को किन बातों की तारीफ  करने से अच्छा महसूस होता है।

पर्सनैल्टी की करें तारीफ

महिलाएं ही नहीं, बल्कि अधिकांश पुरुष भी औरतों के सामने अच्छा दिखने के लिए तैयार होने में बहुत समय व्यतीत करते हैं, सो उनकी पर्सनैल्टी, शारीरिक सौष्ठव और यदि वह जिम जाते हैं, तो उनकी मसल्स इत्यादि की तारीफ  करें, परंतु यह तारीफ कभी भी अस्पष्ट शब्दों में नहीं होनी चाहिए। आपको उनमें जो अच्छा लगता है उसकी तारीफ यदि खुले शब्दों में की जाए तो उन्हें भी अच्छा लगेगा।

उनका कपड़े पहनने का अंदाज

भले ही अल्मारी से कपड़े निकालने में आप उनकी मदद कर रही हों, परन्तु जब वह तैयार होकर आपसे मिलने आते हैं, तो आप स्वयं सामने जा कर इस बारे में उनकी तारीफ करें, कि वह अमुक स्टाइल या रंग में बेहद खूबसूरत नजर आते हैं।

उनसे लें सलाह

यदा-कदा उनसे कभी किसी मसले पर गंभीरता से सलाह लें और इसके लिए उनका धन्यवाद भी करें। एक बात का ध्यान रखें कि लडक़ों को खूबसूरत लड़कियों को सलाह देना बेहद पसंद होता है। जब आप खूबसूरत या चंचल मुस्कान के साथ उन्हें बेहतरीन सलाह देने के लिए धन्यवाद कहती हैं, तो आपके काम आने का भाव उसे भी खुशी प्रदान करता है।

बातूनी होना अच्छा है 

क्या आपका प्रेमी एक अच्छा बातूनी है, तो  उसकी प्रशंसा करें कि  मेरे दोस्त तुम्हें पसंद करते हैं और वे सोचते हैं कि साथ घूमने के लिए तुम एक बहुत अच्छे लडक़े हो ये कुछ ऐसी पंक्तियां हैं, जिससे वह गर्व महसूस करेगा।

ड्राइविंग कौशल

प्रत्येक लडक़ा सोचता है कि प्रोफेशनल ड्राइवर्स से भी अच्छा ड्राइवर है। अगली बार जब वह आपको शहर में घुमा रहा हो तो किसी मोड़ पर अच्छी तरह गाड़ी घुमाने एवं उत्तम दर्जे की ड्राइविंग के लिए उसकी प्रशंसा कीजिये।

एटीकेट्स

क्या वह आपके लिए दरवाजा खुला रखता है या एक कदम पीछे हट जाता है, जिससे कि आप लिफ्ट में पहले चढ़ सकें, आप चेहरे पर मुस्कराहट के साथ उसकी शिष्टता के लिए उसकी प्रशंसा कीजिये। वह इस बात को पसंद करेगा कि आपने उसके अच्छे व्यवहार पर ध्यान दिया।

उसकी ताकत

उसे किसी जार के कसे हुए ढक्कन को खोलने के लिए कहिये या किसी भारी बैग को सीढिय़ों पर से ऊपर ले जाने में उसकी सहायता मांगें और जब वह पसीने से तर--तर होकर आपके इस काम को पूरा कर दे तो उसकी सुपर मैन जैसी ताकत की तारीफ  कीजिये।

उसकी पसंद एवं चुनाव

क्या आपका प्रेमी त्रुटिहीन पसंद एवं वरीयताओं के साथ एक परिष्कृत सज्जन है, यदि आपको उसके रहने की जगह पसंद है या उसका मूवी संग्रह पसंद है तो उसकी प्रशंसा कीजिये और उसे विशेष महसूस कराइए।

आवाज की प्रशंसा कीजिये

उसकी आवाज की तारीफ  कीजिये, खासकर बिस्तर में। क्या आपके प्रेमी की गहरी मध्यम आवाज है और जब वह कानों में फुसफुसाता है तो खुशी से आपके रोंगटे खड़े हो जाते हैं, उसकी आवाज की प्रशंसा कीजिये और वह आपके शब्द याद रखेगा।

उसके दोस्तों के साथ उसका व्यवहार

लडक़ों की आपस में दोस्ती को समझना लड़कियों के लिए मुश्किल हो सकता है। पर फिर भी उसके कुछ बहुत अच्छे दोस्त हों जिनके वह काफी करीब हो तो आप भी उनसे दोस्ती करने की भरपूर कोशिश करें और बाद में अपने प्रेमी से कहें कि उसके दोस्त कितने अच्छे थे। उसे ये पसंद आएगा, खास कर तब जब वह यह सोचता है कि उसके दोस्त उसकी परछाई हैं।
हेमा शर्मा  

Comments