जब देनी हो मां बनने की खुशखबरी - हेमा शर्मा

जब देनी हो मां बनने की खुशखबरी


एक नारी के लिए मां बनने के पल जितने खुशी भरे होते हैं, उतने ही खुशी भरे पल होते हैं, जब वह अपने पति को यह खुशखबरी देती है कि वह मां बनने वाली है। अब इतनी महत्वपूर्ण खबर को वह साधारण तरीके से नहीं देना चाहती और उसे लगता है कि बताने का अंदाज कुछ खास ही होना चाहिए और वह कई तरीके भी सोचती है। यदि आप भी मां बनने वाली हैं और अभी तक उन्हें यह बता नहीं पाई हैं, तो कुछ इस अंदाज से उन्हें बताएं कि वह भी उस खुशी को आपकी तरह ही महसूस कर पाएं कि वह भी पापा बनने वाले हैं और यकीन मानें कि यह पल आप दोनों के लिए यादगार बन जाएंगे।

डिनर पर कुछ यूं बताएं

अपने पति से कहें कि आज रात के डिनर में कोई स्पैशल आने वाला है और अपने पति की पसंद का डिनर तैयार करें, एक कुर्सी पर छोटा सा क्यूट टेडी बिअर बैठा दें तथा उसके आगे बच्चों वाली छोटी सी बच्चों वाली प्लेट और दूध की बोतल भी रख दें, इससे आपके पति तुरंत समझ जाएंगे कि उनके यहां एक छोटा सा बेबी आने वाला है और आप लोग मम्मी पापा बनने वाले हैं। खुशखबरी इस अंदाज में देने पर आपके पति को आप पर और भी प्यार आ जाएगा।

टी शर्ट गिफ्ट करें

अपने पति को ऐसी टी शर्ट गिफ्ट करें जिस पर डैडी पापा या फिर सून टू बी डैडी लिखा हो, ऐसी टी शर्ट पति को गिफ्ट करके आप अपने मां बनने के सरप्राइज को ओर ज्यादा बढ़ा सकती हैं।
बेबी ऑन बोर्ड  का स्टीकर लगाएं
अपने पति के साथ जब कार में जाएं तो कार में बैठने से पहले उस पर बेबी ऑन बोर्ड का स्टीकर लगा कर उन्हें सरप्राईज दे दें, ऐसा करने से वह तुरंत समझ जाएंगे कि अब उन्हें एक नन्हीं सी जान का भी ख्याल रखना है और खुशी के पलों में भी वह गाड़ी संभल कर ही चलाएंगे।

प्रेग्नेंसी रिपोर्ट गिफ्ट करें

अपने पतिदेव को जब सुबह की चाय दें तो ट्रे में ताजा गुलाब की पांखुड़ी और अपनी पॉजिटिव प्रेग्नेंसी और सोनोग्राफी रिपोर्ट को अच्छी तरह से गिफ्ट रैप करके रख कर दें, सुबह सुबह आपके खिले चेहरे, गुलाब की कली और इतनी बड़ी खुशखबरी से तो उनके पांव ही जमीं पर नहीं टिकेंगे और वो खुशी से झूम उठेंगे।

घर को सजाएं

घर में नन्हा मेहमान आने वाला है इसलिए अपने घर को अच्छी तरह से सजाएं तथा डेकोरेशन के सामान की लिस्ट अपने पति को थमा दें, लिस्ट में बच्चे का सामान देख कर उन्हें आपका गुड न्यूज का सरप्राइज भी मिल जाएगा।

कुछ खट्टा लाने को कहें

जब पति शाम को ऑफिस से घर आने वाले हों तो उन्हें अपने लिए कुछ खट्टा लाने को कहें, जब पति आपसे अचानक ऐसी इच्छा होने पर सवाल करें, तो आप उन्हें गुड न्यूज देकर सरप्राइज कर सकती हैं।

बेडरूम में बच्चों के पोस्टर लगा दें

यह महिलाओं का चिरपरिचित तरीका है मां बनने की खुशखबरी देने का, अत: आप भी अपने बेडरूम में छोटे छोटे क्यूट बच्चों के पोस्टर लगा दें तथा नन्हें बच्चों के खिलौने भी अपने रूम में सजा दें, अब भले ही आप अपने मुंह से कुछ न कहें, परंतु आपके पति बिन कहे ही समझ जाएंगे कि आप लोग अब दो से तीन होने वाले हैं।

स्क्रीन सेवर पर लगाएं बाल गोपाल की फोटो

यदि आप अपने पति के लैपटॉप एवं मोबाइल पर आदि पर बाल गोपाल की मोहक छवि वाली फोटो भी लगा देंगी तो वह भी उनके लिए एक अच्छा सरप्राइज होगा।

हेमा शर्मा

Comments