गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को सिखाएं नई स्किल्स

यूं तो बच्चों को नया सैशन आरंभ होने के बाद से ही स्कूल जाने का मौका ही नहीं मिला तथा वे घर बैठे ऑन लाईन ही अपनी पढ़ाई कर रहे हैं, परंतु गर्मी की छुट्टियां आरंभ होने के बाद तो ऑन लाईन क्लासेज से भी उनकी छुट्टी हो गई है। पहले तो पेरेंट्स अपने बच्चों को अनेक तरह की आर्ट, स्वीमिंग या डांसिंग  इत्यादि की क्लास में भेज दिया करते थे, परंतु इस बार की छुट्टियां बच्चों के लिए कुछ अलग ही हैं, जिसमें बच्चे बाहर जा कर कुछ भी नहीं सीख सकते हैं, तो ऐसे में आप उन्हें घर पर ही हर दिन कुछ नई असाइनमैंट्स दे सकती हैं, ताकि इससे उनकी स्किल तो निखरे ही, साथ ही वे चीजें स्कूल खुलने पर उनके काम भी आएं तथा अपने स्कूल के प्रॉजैक्ट्स वे खुद ही तैयार कर लें।

खिलौने बनाना सिखाएं

बच्चों को खिलौनों का काफी शौंक होता है, परंतु उन खिलौनों की तो बात ही अलग होगी  जिन्हें वे खुद बनाएंगे, अत: उन्हें क्ले मोल्ड्स या पेपर से जहाज, डॉल, बर्ड्स एवं एनिमल इत्यादि बनाना सिखा सकती हैं, एक बार ये स्किल सीख जाने के बाद बच्चे अपनी इमेजिनेशन से कई तरह की चीजें बनाना खुद ही सीख जाएंगे तथा स्कूल के क्राफ्ट असाइनमैंट भी वे खुद ही बना लेंगे।

पानी में खेलने दें

गर्मी के मौसम में बच्चों को स्वीमिंग पूल एवं वाटर पार्क  जाना काफी पसंद होता है, परंतु अब जबकि वे बाहर नहीं जा सकते हैं, तो आप उन्हें घर पर ही पानी से खेलने दें। आप उन्हें एक टब में पानी भर कर दे दें तथा उसमें कुछ बॉल्स एवं टॉयज डाल दें, पानी की मस्ती में उनका वक्त आसानी से कट जाएगा तथा उनमें नई एनर्जी का संचार भी होगा।

पढ़ाई की रूटीन न टूटे

छुट्टियों का मतलब यह नहीं होता कि बच्चे पढऩा ही छोड़ दें, बल्कि दिन में बच्चों को एक से दो घंटे के लिए पढऩे भी बैठाएं, नहीं तो छुट्टियों में बच्चे सारा पढ़ा हुआ भूल जाएंगे और क्लास में पीछे हो जाएंगे।
व्यावहारिक बातें सिखाएं
रोजमर्रा के जीवन में काम आने वाली व्यावहारिक बातों का ज्ञान आप अपने बच्चों को इन छुट्टियों में दे सकती हैं। आप उन्हें अपने साथ मार्केट ले कर जाएं तथा सब्जी एवं राशन खरीदते समय आप उन्हें तौल एवं मूल्य के बारे में बता सकती हैं। किसी चीज के एक पैकेट के मूल्य और उसी चीज के दस पैकेट के मूल्य को बताने को कह सकती हैं, ये बातें मैथ की प्रॉब्लम सॉल्व करते समय उनके काम आएंगी।

बागबानी सिखाएं

बहुत से बच्चों को बागबानी का भी शौंक होता है, तो आप अपने बच्चों को कुछ बीज ला दें, गमलों की गुड़ाई से लेकर, मिट्टी में बीज बोने और फिर उनमें हर रोज पानी देने की जिम्मेदारी उन्हें सौंप दें। अपने लगाए पौधों को हर दिन बढ़ते देख कर बच्चे खुश होंगे और उन्हें एक संतुष्टि भी मिलेगी।

सिखाएं अच्छी आदतें

अपने बच्चों को बड़ों का आदर करना, दूसरों की मदद करना, पक्षियों को दाना एवं पानी डालना तथा घर के कामों में अपनी मदद करना सिखाएं, इससे उनमें अच्छी आदतें डिवल्प होती चली जाएंगी।
हेमा शर्मा

Comments