कैसे रखा जाए हाइजीनिक सफाई का ध्यान ( हेमा शर्मा )


सेल्फ क्वारंटाइन टाईम हमें जीवन के कुछ ऐसे मूल्य सिखा रहा है, जो कि हमें उम्रभर याद रहेंगे, इन्हीं में से कुछ साफ सफाई की आदतें हैं, जिन्हें हमारी दादी-नानी बचपन में सिखाया करती थीं, परंतु आधुनिकता के चलते हमें वे हमेशा पिछड़ेपन की निशानी ही लगीं, परंतु आज इस महामारी से बचने के लिए हम उन्हीं बातों को अपने जीवन में अपना रहे हैं।

जिस तरह से दुनियाभर के लोग कोरोना की चपेट में आ रहे हैं, उससे बचने का एक मात्र उपाय यही है कि हम खुद को घरों में बंद कर लें, परंतु फिर भी इससे बचाव के लिए इतना ही काफी नहीं हो सकता। लॉक डाउन के समय में भी जरूरी सामान खरीदने घर से किसी न किसी को तो बाहर जाना ही पड़ता है, ऐसे में आपको खुद की अपने परिवार के बाकी सदस्यों की तथा घर की हाइजीनिक सफाई का ध्यान रखना होगा, ताकि इस महामारी से खुद को एवं अपनों को सुरक्षित रखा जा सके।

इन आइटम्स को रखें साफ

टीवी रिमोट, मोबाइल, दरवाजों के हैंडल, बालकनी की ग्रिल, किचन कप बोर्डस एवं फ्रिज के हैंडल्स जैसे कुछ ऐसे आइटम्स हैं, जिन्हें हम घर पर भी बार-बार छूते रहते हैं, इसलिए इनकी सफाई का विशेष ध्यान रखें ताकि उन पर कोई भी जर्म्स बाकी न रहें, इनको डिसइंफेक्टेंट की मदद से बार-बार साफ करती रहें।

जूते मेन डोर के बाहर रखें 

जब भी आप घर के बाहर जाएं, तो पहने जाने वाले स्लीपर्स और शूज को पहन कर घर के अंदर न आएं, हाल ही में हुई रिसर्च से पता चला है कि वायरस 5 दिनों तक जूतों पर जिंदा  रहता है, अत: बाहर जाने के लिए कोई एक स्लीपर या शूज ही यूज करें और उनको घर के बाहर ही छोड़ दें।

सफाई करने वाले सामान की सफाई     

चाहें वह बर्तन धोने वाला स्पंज हो या फिर फर्श साफ करने वाला मोप, आंगन बुहारने वाला झाड़ू हो या फिर जाले साफ करने वाला ब्रश ही क्यों न हो, इन्हें यूज में लाने के बाद गर्म पानी, सोप या डिटर्जेंट से धोएं, जिससे कि जर्मस पूरी तरह से खत्म हो सकें।

सेल्फ हाइजीन है जरूरी

सबसे ज्यादा जरूरी है कि हम अपने शरीर की सफाई का ध्यान रखें, हाथों को हर 1-2 घंटे के बाद धोते रहें, छींकते और खांसते समय अपने फेस को रुमाल या टिशू पेपर की मदद से कवर करें, इसके तुरंत बाद अपने हाथ धोएं। इसके अलावा खाने-पीने की हर एक चीज को वॉश करके खाएं, सब्जी एवं फलों को गर्म पानी से धोएं। पैकिंग में आने वाले दूध और बाकी सामान को भी धो कर ही यूज करें।


Comments