क्या गलती कर रहे हैं लोग लॉकडाउन खत्म होने के बाद ( हेमा शर्मा )


जिस समय पूर्ण रूप से देशभर में लॉकडाउन था, उस समय लोगों में कोविड-19 का डर भी था, घर पर रहते हुए भी लोग बाहर के लोगों से उचित दूरी बना कर ही बात कर रहे थे, बिना बात के घर से निकलना अवॉयड कर रहे थे, हैंड सेनेटाइज करना, मास्क पहनना और बाहर का खाना-पीना लोगों के लाईफ स्टाइल में शामिल हो गया था। अब जबकि लोगों ने अपने ऑफिस एवं अपने काम धंधे पर लौटना शुरू कर दिया है तथा जरूरी सामान की खरीददारी शुरू कर दी है, वहीं अपने दोस्तों एवं रिश्तेदारों से मिलना ही नहीं बल्कि बर्गर, पिज्जा एवं ऐसी चीजों को भी खाना शुरू कर दिया है, जिन्हें वे दो माह तक खा ही नहीं पाए थे और इसी चक्कर में वे कुछ गलतियां भी करने लगे हैं, जिनसे बचना बेहद जरूरी है, क्योंकि लॉकडाउन खत्म हुआ है, परंतु कोरोना जैसी महामारी के खिलाफ हम जंग अभी तक नहीं जीत पाए हैं।

पार्टियों का दौर है अभी दूर


अब इतने दिनों तक घरों में बंद लोग लॉकडाउन के बाद रेस्टोरेंट्स एवं फूड ज्वाइंट इत्यादि की तरफ यूथ का ही नहीं, बल्कि बच्चों एवं अन्य लोगों का रुझान भी देखते ही बनता है, हालांकि बैठ कर खाने वालों में सोशल डिस्टेंस का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, परंतु दोस्तों के ग्रुप्स में जाने की अपेक्षा आप केवल दो या तीन लोग ही जाएं और किसी भी कीमत पर भीड़ एकत्रित न होने दें, क्योंकि अभी पाॢटयों का दौर बहुत दूर है, तो खुशी चाहे महीनों बाद मिलने की हो या कोई और उसे फोन पर ही सेलीब्रेट करें, ट्रीट का बहाना कर के इकट्ठे  होना किसी भी कीमत पर सही नहीं कहा जा सकता है ।

मार्केट में भीड़

इस बात का ध्यान रखें कि अभी भी कोरोना के वायरस को हराया नहीं गया है, बल्कि उसकी स्पीड ही कम की गई थी, परंतु इन सब बातों को भूल कर आज भी मार्केट्स में आपको भीड़ देखने को मिल जाएगी, जिसमें कि सोशल डिस्टेंस चाह कर भी मैंटेन नहीं किया जा सकता। दुकानें भले ही ऑड एवं ईवन में खुल रही हैं, परंतु जब तक बहुत ज्यादा जरूरी न हो, तब तक घर से बाहर निकलना अवॉयड ही करना चाहिए और मार्केट एवं दुकानों में सोशल डिस्टेंस मैंटेन रखना भी हमारा खुद का ही फर्ज होना चाहिए।

मास्क और सेनेटाइजेशन का साथ

अब जबकि सभी छोटे-बड़े बिजनेस और कार्पोरेट ऑफिस भी लॉक डाउन के बाद से शुरू होने लग गए हैं, भले ही उनमें कर्मचारियों की तादाद कम हो, काम करने के चक्कर में मास्क लगाना ना भूल जाएं, माना कि सब लोग आपके पुराने साथी हैं, परंतु फिर भी मास्क लगाने से आप कौताही न बरतें और ना ही मास्क उतार कर अपना काम करें , क्योंकि वायरस हवा के माध्यम से ही फैलता है। इस बात का भी ध्यान रखें कि चार-पांच या ज्यादा लोग एक जगह खड़े होकर गॉसिप ना करें और न ही अपने सहकर्मी के सामने मुंह कर के बात करें, बात करते समय हमेशा साईड पर ही अपना मुंह रखें।
इसके अलावा किसी भी चीज को छूने के बाद, खाना खाने से पहले या अपने चेहरे को हाथों से छूने से पहले अपने हाथों को सेनेटाइज जरूर कर लें।

ना उतारें मास्क

भले ही आप अपने परिवार के सदस्यों के साथ ही क्यों न हों, परंतु पब्लिक प्लेस या ऑफिस इत्यादि में कभी भी अपना मास्क ना उतारें और न ही कोई बहाना तलाशें, क्योंकि मास्क आपकी एवं दूसरों की सेफ्टी के लिए बेहद जरूरी है।

लिफ्ट यूज करने से बचें

कोविड-19 से बचने के लिए आप अपने घर की बिल्डिंग या ऑफिस की लिफ्ट को यूज करना अवॉयड ही करें, यदि बेहद जरूरी हो, तो लिफ्ट के बटन या तो कोहनी से दबाएं या फिर पेपर नैपकिन यूज करें। यदि आपसे पहले ही कोई उस लिफ्ट में हो तो आप उसमें एंटर ना करें, बेहतर तो यही होगा कि इन दिनों में स्टेयर्स को ही ज्यादा से ज्यादा यूज करें।

बातें बड़े काम की

- इस बात को मान कर चलें कि सोशल डिस्टेंस को आपने लंबे समय तक कायम रखना है, फिर भले ही आप मार्केट में हों या अपने ऑफिस में हों।
- यह ठीक है कि आप घर का खाना खा कर ऊब गए हैं और अपना पसंदीदा फूड पिज्जा, बर्गर या फिर कुछ और खाना चाहते हैं, तो टेक अवे सिस्टम को फॉलो करें या फिर ऑर्डर कर के घर पर खाना मंगवा लें।
- अब तक आपको यह तो पता चल ही गया होगा कि यह वायरस हवा में ज्यादा तेजी से फैलता है, तो जब भी घर से बाहर निकलें मुंह पर मास्क जरूर लगाएं और किसी भी चीज को छूने के बाद तथा खाना खाने से पहले हाथों को धोएं या सेनीटाइज करें।
- बाहर से जो भी चीज लाएं उसे धो कर ही यूज करें।

Comments