अलमारी में रखे कपड़ों पर एक नज़र डालें जरूर ( हेमा शर्मा )

इन दिनों लोगों के लाइफ स्टाइल में काफी बदलाव आया है, फंक्शन और पार्टीज न होने के कारण अब महंगी और डिज़ाइनर ड्रेसेस पहनी ही नहीं जा रही हैं, यहाँ तक कि मार्केट और ऑफिस में भी महिलाओं ने सिंपल सी पोशाकें ही पहननी शुरू कर दी हैं, तो जो ड्रेसेस कभी बड़े प्यार से खरीदी गईं थीं, वे अब अलमारी में उपेक्षित सी बंद पड़ी हैं अर्थात उनकी और तो देखा भी नहीं जा रहा। इसका एक नुकसान यह होगा कि जब आप इन्हें पहनने के लिए निकलेंगी, तो उनकी हालत आपको खराब ही मिलेगी, तो अब भी वक़्त है की  अलमारी में रखे कपड़ों पर एक नजर जरूर डालें, ताकि उन्हें समय रहते संभाला जा सके। 

कपड़ों को थोड़ी धूप हवा भी लगवाएं 

भले ही आपकी पार्टी ड्रेसेस कई दिनों से अलमारी में ही पड़ी हैं, परंतु यदि आप उन्हें ऐसे ही पड़े रहने देंगी तो यकीन मानें एक ही तरह फोल्ड में पड़े रहने से कपड़े खराब हो सकते हैं. इसलिए उन्हें बीच-बीच में निकाल कर धूप लगाना एवं फोल्ड को बदलना जरूरी हो जाता है।  

ऐसे  रखें ध्यान 

- अपनी महंगी साड़ियों एवं डिजाइनर ड्रेसेस को यूं ही तह लगा कर अलमारी में न रख दें, बल्कि उन्हें प्लास्टिक  बैग में पैक करके रख दें, ताकि ये लंबे समय तक चल सकें। 

- कपड़ों में ताजी हवा लग सके इसलिए अलमारी को सप्ताह में एक बार 10 से 15 मिनट के लिए खोल कर छोड़ दें। 

- कपड़ों को कभी भी बिना धुले अलमारी में न रखें, भले ही वे कितने भी महंगे क्यों न हों उन्हें धो कर या ड्राई क्लीन करवा कर ही रखें, क्योंकि गंदे कपड़े स्टोर करके रखने से वे जल्दी ही खराब हो जाते हैं।  इसके अलावा अलमारी में पड़े उस हर कपड़े की तह को आप कुछ दिनों मे बदलती रहें। 

- लंबे समय तक अलमारी में रखे हुए कपड़ों पर फंगस और नमी न आए इसके लिए आप नैप्थलिन बॉल्स भी यूज़  कर सकती हैं, परंतु अलमारी में ज्यादा नैप्थलिन बॉल्स न डालें। 

- जब भी बाहर से आएं तो अपने कपड़ों को उतार कर एक अलग बास्केट या बाल्टी में रख दें। 

Comments