आमतौर पर भारतीय घरों में कुछ ऐसे व्यंजन बनाए जाते हैं, जिन्हें आप कभी भी डिब्बे में पैक कर के साथ ले जा सकती हैं, परंतु वास्तविक समस्या तो तब आती है, जब बच्चा बहुत छोटा हो और वह इन चीजों को खा न सकता हो। ऐसे में मां को यह समझ में नहीं आता कि वह ऐसा क्या ले जाए कि उनके बच्चे को मुश्किल न आए। यूं भी लंबे सफर पर कई बार उन्हें घर का बना खाना पैक कर के बच्चों के साथ सफर पर जाना मुश्किल लगता है, परंतु बहुत से ऐसे आसान एवं मददगार विकल्प हैं, जिन से बच्चे के खाने की समस्या का काफी हद तक निदान हो सकता है।
डिब्बे वाला दूध
सफर में अपने साथ डिब्बे वाला सूखा दूध एवं एक थर्मस में गर्म पानी ले जाना न भूलें। जब बच्चे को भूख लगे तो गर्म पानी में दूध बना कर उसे पिलाएं। आप किसी अच्छे रेस्त्रां से गर्म पानी ले कर भी दूध बना सकती हैं, जिससे कि आपका बच्चा भूखा न रह सके और यह बाहर से लिए गए दूध के मुकाबले में अधिक सुरक्षित रहता है।
बच्चे को दें केला
यह तो सभी जानते हैं कि एक केला कंप्लीट फूड का काम करता है और इससे भूख भी पूरी तरह से मिट जाती है। इसके लिए आपको केवल एक कटोरी, चम्मच एवं केले की आवश्यकता है। अत: जब भी आपके छोटे बच्चे को भूख लगे, तब कटोरी में केले को अच्छी तरह से मैश कर चम्मच से खिला दें।
खिचड़ी एवं दलिया
यदि आपका सफर केवल कुछ घंटों का है, तो आप अपने बच्चे के लिए घर से ही खिचड़ी या दलिया बना कर ले जा सकती हैं। इसके लिए आप इसमें उसकी पसंदीदा दाल एवं सब्जियां यूज़ कर सकती हैं। यह खाना हल्का एवं पौष्टिक होता है, परंतु इसे आप छोटे सफर पर जाते हुए ही बना सकती हैं, क्योंकि यह जल्दी ही खराब हो जाता है।
फल मिटाएं भूख
सफर में फल भूख को मिटाने में काफी मददगार होते हैं तथा हाजमे को भी सही रखते हैं। सफर पर जाते समय फ्रिज में पड़े फलों को ले जाने की अपेक्षा ताजा फल खरीद कर ले जाएं। इस बात का ध्यान रखें कि फल ज्यादा पके हुए न हों, क्योंकि वे खाने से पहले ही सड़ जाएंगे। फलों का चयन मौसम एवं बच्चे की सेहत को ध्यान में रख कर करें।
पूरी या परांठा
आप बच्चे के लिए भरवां पूरी या परांठा भी बना कर ले जा सकती हैं, ताकि वह उसे स्वाद से खा सके। एक दिन के सफर के लिए यह आपके बच्चे के लिए परफेक्ट फूड रहेगा तथा दो-तीन चीजों की वैरायटी उसके टेस्ट को बदलने में मदद करेगी।
डेयरी प्रॉडक्ट
आप अपने सफर पर कुछ डेयरी प्रॉडक्ट भी ले जा सकती हैं, बोतल वाला दूध, पनीर या लस्सी इत्यादि के अलावा डिब्बा बंद फूड या सीरियल्स भी ले जा सकती हैं, यही नहीं ये चीजें आप रास्ते से भी खरीद सकती हैं। आपको अपने बच्चे को इन डिब्बा बंद खाद्य पदार्थो को खाने एवं पीने की आदत एक सप्ताह पहले ही डालनी होगी, क्योंकि यदि आपके बच्चे को इस प्रकार की चीजें खाने की आदत नहीं है, तो सफर में वह इन्हें मुंह भी नहीं लगाएगा। ऐसे समय में आपको फलों एवं सब्जियों का सहारा लेना पड़ सकता है।
( यदि आप इन बातों का ध्यान रखेंगी, तो यकीन मानिए कि बच्चे के साथ सफर करना आपको मुश्किल नहीं लगेगा और सफर चाहे लंबा हो या छोटा आपका बच्चा भूखा नहीं रहेगा, तो ऐसे ही खूबसूरत एवं उपयोगी आर्टिकल्स के लिए hemalifestyle को फॉलो जरूर करें। )

Comments
Post a Comment