![]() |
| hema sharma/pindi chana |
पंजाबी खाने में पिन्डी चना अपने टेस्ट और लुक के कारण हर किसी को पसंद आता है, अभी तक आपने पिन्डी चना बाजार से ही खाया होगा, परंतु आप चाहें तो आसानी से इसे घर पर ही बना सकती हैं और परिवार वालों की ही नहीं, बल्कि मेहमानों की भी वाहवाही लूट सकती हैं। इसे आप परांठे, नान, पूरी या चपाती के साथ खा सकते हैं।
आवश्यक सामग्री
काबुली चने : 1 कप
अदरक का टुकड़ा : 1 इंच (लंबे पतले स्लाइस में कटा हुआ)
हरी मिर्च : 2 (लंबाई में कटी हुई)
हरा धनिया : 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
तेल : 2 से 3 टेबल स्पून
अदरक का पेस्ट : 1 छोटी चम्मच
अमचूर पाउडर : 2 छोटी चम्मच
साबुत धनिया : 2 छोटी चम्मच
अनारदाना : आधी छोटी चम्मच
जीरा : आधी छोटी चम्मच
हींग : 1 पिंच
नमक : स्वादानुसार
काला नमक : आधी छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर : आधी छोटी चम्मच
गरम मसाला : आधी छोटी चम्मच
साबुत गरम मसाला : 1 तेजपत्ता, 1 इंच दाल चीनी का टुकड़ा, 2 बड़ी इलाइची, 4 लौंग, 6 से 7 काली मिर्च
टी बैग : 2
विधि
काबुली चनों को 8 से 10 घंटे के लिए पानी में भिगो दें और बाद में इनमें से एक्स्ट्रा पानी निकाल लें । कुकर में भीगे हुए चने और साथ में 1 कप पानी, सारे साबुत गरम मसाले (1 तेजपत्ता, 1 इंच दाल चीनी का टुकड़ा, 2 बड़ी इलाइची, 4 लौंग, 6 से 7 काली मिर्च), टी बैग, नमक और काला नमक डाल कर मिक्स कर के उबलने के लिए रख गैस पर रख दें, 1 सीटी आने के बाद गैस धीमी कर दें और चनों को 10 से 15 मिनट तक और उबलने दें।
उसके बाद गैस बंद कर दें और कुकर का प्रैशर समाप्त होने तक चनों को कुकर में ही रहने दीजिए, इसी बीच, मसाले तैयार कर लें। कड़ाही में साबुत धनिया और जीरा डाल कर 2 से 3 मिनट तक लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर भून लें और इसमें अनारदाना भी डाल कर लगातार चलाते हुए 1 मिनट तक भून लें। भुने मसाले को ठंडा कर मिक्सी में पीस कर इनका पाउडर बना लें।
अब कुकर का ढक्कन खोल कर चनों में से टी बैग और साबुत गरम मसाले निकाल कर हटा दें तथा चनों को प्याले में निकाल लीजिए। चनों के बचे हुए पानी को फैंकें नहीं, बल्कि इन्हें बाद में यूज कर लें, अब चनों को हाथ से दबा कर चैक कर लीजिए, ये दबने चाहिए लेकिन मैश नही होने चाहिए।
अब कड़ाही में तेल डाल कर गरम कर लें तथा उसमें हींग, अदरक का पेस्ट, कटा हुआ अदरक एवं हरी मिर्च डाल कर धीमी आंच पर भून लें, फिर इसमें पिसा मसाला भी डाल कर भून लें। इसके बाद मसाले में चनों का बचा हुआ पानी, अमचूर पाउडर, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर और बचा हुआ नमक भी डाल कर अच्छे से मिक्स करें और 2 मिनट तक भून लें।
इसके बाद मसाले में चने और हरा धनिया डाल दें, चनों से पानी सूख जाने तक इन्हें मिक्स करते हुए पकाएं, पिन्डी चना बन कर तैयार है, गैस बंद कर दें और चनों को प्याले में निकाल लें ।
मसालेदार पिन्डी चने को चपाती, परांठे, नान या चावल के साथ परोसिए और भोजन का भरपूर आनंद लें।
टिप्स
- टी बैग की जगह आप सूखे आंवला भी चनों को उबालते समय डाल सकती हैं, इनसे भी चनों का रंग डार्क हो जाएगा।
- आप चाहें तो धनिया पाउडर, जीरा पाउडर और अनारदाना पाउडर भी यूज कर सकती हैं।
- यदि आपके पास समय का आभाव है तो आप रेडीमेड चना मसाला भी यूज कर सकती हैं।
Hema Sharma
pindi chana, chana pindi, masala chana, pindi chole

👌👌🙏🙏
ReplyDelete